रायपुर/ललितपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब वे मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में दर्शन-पूजन कर वापस लौट रहे थे। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी एसयूवी एक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव और उनके चालक को चोटें आई हैं, जबकि उनके परिवार के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में किरण सिंह देव के कमर और पैर में चोटें आई हैं। उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक बेहतर चिकित्सा सुविधा को देखते हुए उन्हें दिल्ली रेफर किए जाने की तैयारी भी की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। उनका परिवार दूसरी गाड़ी में सवार था। ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र के समीप उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि कमर और पैर में लगी चोटों के कारण उन्हें विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरें लगातार उनके स्वास्थ्य अपडेट पर बनी हुई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और समर्थक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थनाओं का दौर जारी है।












Leave a Reply