CG: चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, राहगीरों ने बचाई चालक और यात्री की जान

राकेश मिश्रा पेंड्रा

 

राहगीरों ने ओवरटेक कर चालक को दी आग लगने की सूचना, गाड़ी से कूदकर बचाई जान; कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर हुआ खाक

छत्तीसगढ़/ पेंड्रा-रतनपुर मुख्य मार्ग पर अमरपुर गांव के पास एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। रायपुर से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्कोर्पियो में अचानक चलती गाड़ी में ही भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते राहगीरों की नजर गाड़ी से निकलते धुएं और आग की लपटों पर पड़ गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

​हादसे के वक्त गाड़ी के ड्राइवर और उसमें सवार पैसेंजर को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनकी गाड़ी में आग लग चुकी है। सड़क पर दौड़ती गाड़ी से धुआं और लपटें उठती देख पीछे आ रहे राहगीरों ने समझदारी दिखाई और तुरंत गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। उन्होंने स्कोर्पियो को ओवरटेक कर चालक को वाहन रोककर खतरे की सूचना दी। सूचना मिलते ही ड्राइवर और मुसाफिर ने बिना देर किए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
​गाड़ी रुकते ही कुछ ही मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि देखते ही देखते पूरी स्कोर्पियो आग का गोला बन गई। वाहन में एक के बाद एक कई तेज धमाके भी हुए, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित चालक ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें वाहन के अंदर रखे जरूरी दस्तावेज तक निकालने का मौका नहीं मिला और पूरा सामान जलकर खाक हो गया।

​घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पेंड्रा नगर पालिका परिषद की फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को इस हादसे की सूचना दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया, हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर केवल लोहे का ढांचा मात्र रह गई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने की सटीक वजह का पता नहीं चल सका है, लेकिन माना जा रहा है कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ होगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Nbcindia24

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *