बालोद। जिले में किसानों के हितों की रक्षा और कृषि आदान सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम में अवैध रूप से कृषि सामग्री के भंडारण एवं पैकेजिंग किए जाने का मामला सामने आने के बाद विभाग ने गोदाम को सील कर भारी मात्रा में कृषि सामग्री जब्त कर ली है। इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध रूप से कृषि सामग्री का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पाया कि गोदाम में विभिन्न प्रकार की कृषि सामग्रियों की पैकेजिंग की जा रही थी। यहां से 10 किलोग्राम पैकिंग बाल्टी, भू लक्ष्मी महासार जैव उत्प्रेरक की 500 मिलीलीटर पैकिंग के 2880 नग, वीएजीएमआई प्रोम की 08 किलोग्राम पैकिंग की 5129 बोरियां (40 किलोग्राम) तथा 153 बोरियां (08 किलोग्राम) खुली अवस्था में बरामद की गईं। इसके अलावा 50 किलोग्राम पैकिंग में 1880 बोरियां कच्चा कृषि सामग्री भी मौके से जब्त की गई है।
केवल कृषि सामग्री ही नहीं, बल्कि पैकेजिंग के लिए उपयोग में लाई जा रही मशीनरी भी बड़ी संख्या में बरामद हुई है। निरीक्षण दल को मौके से 07 पैकिंग मशीन, 11 इलेक्ट्रॉनिक तोलक (वजन मापने के उपकरण) तथा 03 बोरी सिलाई मशीनें भी मिली हैं, जिससे बड़े पैमाने पर पैकेजिंग किए जाने की पुष्टि होती है।
मिली जानकारी के अनुसार मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम में अवैध रूप से पैकेजिंग का कार्य संचालित किया जा रहा था। विभाग द्वारा जब्त की गई कृषि सामग्रियों के नमूने लेकर उन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में मारूति एग्रो बायोटेक के संचालक प्रतिनिधि नितिश चन्द्राकर एवं अगेश्वर चन्द्राकर, ग्राम अण्डा उपस्थित थे। विभागीय अधिकारियों ने पंचनामा तैयार कर गोदाम को सील करने की कार्रवाई भी पूर्ण की।
किसानों के लिए कृषि विभाग की महत्वपूर्ण अपील
कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे खाद, बीज एवं कीटनाशक जैसी कृषि आदान सामग्रियां केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें तथा खरीदारी के समय बिल अवश्य प्राप्त करें। विभाग ने किसानों को गैर लाइसेंसधारी विक्रेताओं अथवा घूम-घूमकर कृषि सामग्री बेचने वाले लोगों के झांसे में नहीं आने की सलाह दी है।












Leave a Reply