CG CRIME: शादी का सपना दिखाकर शिक्षिका से 2.29 लाख की साइबर ठगी

बालोद | छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ऑनलाइन मेट्रीमोनियल एप के जरिए शादी का झांसा देकर साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुद को भरोसेमंद जीवनसाथी बताकर एक युवक ने शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षिका से 2 लाख 29 हजार 450 रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर गुंडरदेही थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, किरंदुल (जिला दंतेवाड़ा) निवासी 29 वर्षीय युवती वर्तमान में बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र की एक शासकीय प्राथमिक शाला में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। उसने जीवनसाथी मेट्रीमोनियल एप पर एक युवक से संपर्क किया था, जिसने अपना नाम सिद्धार्थ आडवानी बताया।

धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर न सिर्फ शिक्षिका बल्कि उसके परिजनों का भी विश्वास जीत लिया। इसी दौरान आरोपी ने अपने पिता को हार्ट अटैक आने और इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत का हवाला दिया। भावनात्मक दबाव बनाकर उसने फोन-पे और गूगल-पे के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 2,29,450 रुपए ट्रांसफर करवा लिए।

आरोपी ने 3 मई को पीड़िता और उसके परिवार से मिलने का वादा भी किया था, लेकिन उसी दिन रात करीब 8 बजे के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और सभी तरह का संपर्क टूट गया। इसके बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उसने गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी से जुड़े मोबाइल नंबर, डिजिटल ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात ठग की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर जल्द भरोसा न करें और पैसों से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतें।

Nbcindia24

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *