जोगी कांग्रेस 2.0 लॉन्च: अमित जोगी ने बदला संगठन का चेहरा, युवा विंग से हटा अजीत जोगी का नाम, भाजपा और कांग्रेस पर भी साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) ने संगठन को नए स्वरूप में पेश करते हुए ‘जोगी कांग्रेस 2.0’ की शुरुआत की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में नए विजन, नई रणनीति और नई टीम के साथ पार्टी के भविष्य का रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक दौर में केवल पारंपरिक राजनीति से काम नहीं चलेगा, बल्कि नई सोच, नई तकनीक और युवा नेतृत्व के दम पर जनता के बीच जाना होगा।

युवा विंग से हटाया गया अजीत जोगी का नाम

पार्टी के पुनर्गठन के तहत सबसे बड़ा बदलाव युवा संगठन में किया गया है। अब तक ‘अजीत जोगी युवा कांग्रेस’ के नाम से संचालित युवा विंग का नाम बदलकर ‘जनता युवा कांग्रेस’ कर दिया गया है। इसके नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ईश्वर उपाध्याय की नियुक्ति की गई है। अमित जोगी ने कहा कि संगठन को व्यक्ति-आधारित नहीं बल्कि उद्देश्य-आधारित बनाया जा रहा है, इसलिए युवाओं के लिए अलग पहचान और नई कार्यशैली तय की गई है।

नई राजनीति की बात

अमित जोगी ने कहा कि आज की राजनीति वंशवाद, जाति और धर्म की सीमाओं से आगे निकल चुकी है। अब जनता विकास, रोजगार, शिक्षा, तकनीक और पारदर्शिता पर आधारित राजनीति चाहती है। जोगी कांग्रेस 2.0 इन्हीं मूल्यों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगी और युवाओं को नेतृत्व में प्रमुख भूमिका दी जाएगी।

तीन बड़े मुद्दों पर चलेगा अभियान

पार्टी ने घोषणा की कि आने वाले समय में पूरे प्रदेश में नशा, बेरोजगारी और अन्याय के खिलाफ व्यापक जनअभियान चलाया जाएगा। अमित जोगी ने कहा कि इन तीनों मुद्दों ने प्रदेश के युवाओं और समाज को सबसे अधिक प्रभावित किया है और पार्टी इन्हें अपना प्रमुख राजनीतिक एजेंडा बनाएगी।

‘बेटी बचाओ’ के साथ ‘बेटा बचाओ’ अभियान

जनता युवा कांग्रेस प्रदेशभर में ‘बेटी बचाओ’ के साथ ‘बेटा बचाओ’ अभियान भी शुरू करेगी। अमित जोगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे, बेरोजगारी और अवसाद से बचाने की जरूरत है। उनका दावा था कि छत्तीसगढ़ में शराब और मादक पदार्थों की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

भाजपा की ‘बी-टीम’ और कांग्रेस में विलय के सवाल पर क्या बोले?

प्रेसवार्ता के दौरान अमित जोगी से पार्टी को भाजपा की ‘बी-टीम’ बताए जाने और कांग्रेस में संभावित विलय को लेकर भी सवाल पूछे गए। उन्होंने इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जोगी कांग्रेस पूरी तरह स्वतंत्र राजनीतिक दल है और प्रदेश की जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का फोकस संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर जनआंदोलन खड़ा करने पर है, न कि किसी अन्य दल में विलय पर।

जोगी कांग्रेस 2.0 के लॉन्च के साथ पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए नए संगठनात्मक ढांचे, युवा नेतृत्व और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी है।

Nbcindia24

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *