राकेश मिश्रा पेंड्रा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 11 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पहली कार्रवाई के दौरान पीपरडोल और दुबटिया क्षेत्र में रेत एवं गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए गए 7 वाहनों को जब्त किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में खंता, अंडी और पीपरखूंटी क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन करते हुए एक हाईवा और तीन ट्रैक्टर समेत 4 वाहनों को पकड़ा गया। सभी वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभागीय टीम नियमित गश्त कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग के अनुसार, जब्त किए गए सभी वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। संबंधित वाहनों को निर्धारित अर्थदंड और समझौता राशि जमा करने के बाद ही छोड़ा जाएगा।












Leave a Reply