पुलवामा के अमर शहीदों को CRPF ने दी श्रद्धांजलि, रक्तदान कर जवानों ने किया नमन

धर्मेन्द्र सिंह सुकमा/ 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा के कायराना आतंकी हमले में शहीद हुए देश के 40 वीर जवानों की स्मृति में शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा श्रद्धांजलि सभा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। CRPF हर वर्ष 14 फरवरी को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाकर अपने शहीद साथियों की शहादत को नमन करता है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने अर्पित की पुष्पांजलि

पुलिस उपमहानिरीक्षक (रेंज) के दिशा-निर्देश पर 228 बटालियन के कैंप फंदीगुड़ा (कोंटा) में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की गई। अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

रक्तदान के माध्यम से दी सेवा-अंजलि

पुलवामा हमले की त्रासदी को स्मरण करते हुए CRPF जवानों ने सेवा भाव का परिचय दिया। 228 बटालियन के कमांडेंट की देखरेख में आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 200 अधिकारियों एवं जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे

 

राजेश पांडे, डीआईजी (कोंटा रेंज)

लतीफ साहू, कमांडेंट (228 बटालियन)

दीपक कुमार श्रीवास्तव, कमांडेंट (212 बटालियन)

दिनेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी (212 बटालियन)

गौरव शर्मा, उप कमांडेंट (212 बटालियन)

शिविर में 212 बटालियन के 18 जवानों सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से दी गई यह सेवा शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

Nbcindia24

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *