Chhattisgarh/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय गौरेला में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जबकि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 26 मई को कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया गया था। व्यापारी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गोली चला दी, जिससे प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग स्वयं मौके पर पहुंचे थे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली जानकारी और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू तथा बिहार-झारखंड के रहने वाले राहुल और उसके साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर सर्राफा व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखी थी और मौका पाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा लूटे गए आभूषण बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों ने लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया और साक्ष्य मिटाने के लिए पैकिंग सामग्री को जला दिया था। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को दूसरे राज्यों में भेजा गया है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा












Leave a Reply