छत्तीसगढ़/ बंशीलाल महतो के पुत्र डॉ. विवेक रंजन महतो उस समय बाल-बाल बच गए, जब उनकी चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई। कार में डॉ. महतो सहित कुल चार लोग सवार थे, जो कोरबा से रायपुर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग का गोला बन गई और देखते ही देखते जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, दंत चिकित्सक डॉ. विवेक रंजन महतो अपने साथियों के साथ निजी कार्य से रायपुर जा रहे थे। जब उनकी कार जमनीपाली के पास पहुंची, तभी अचानक कार के इंजन से धुंआ निकलने लगा। शुरुआत में चालक ने स्थिति को समझने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते धुंआ तेजी से बढ़ने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और तत्काल कार को सड़क किनारे रोक दिया।
कार रुकते ही डॉ. महतो सहित सभी चार लोग तुरंत बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि सभी लोग कार से बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद वाहन में आग भड़क उठी। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। सड़क पर गुजर रहे लोग भी इस दृश्य को देखकर दहशत में आ गए।
घटना की सूचना तत्काल हसदेव थर्मल पावर प्लांट की फायर ब्रिगेड टीम को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और वाहन का अधिकांश हिस्सा राख में तब्दील हो गया था।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची दर्री थाना पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली और आवागमन को सामान्य कराया।
प्रारंभिक जांच में कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग कार से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।












Leave a Reply