Breaking
शनि. मई 16th, 2026

CG:आम चोरी के आरोप में नाबालिग को तालिबानी सजा..? Video वायरल

नाबालिग से बेरहमी: सिक्योरिटी गार्ड पर पटक-पटक कर मारने का आरोप, वीडियो वायरल

बलौदाबाजार जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बच्चे के साथ कथित रूप से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना रवान स्थित अंबुजा अडानी सीमेंट प्लांट की है।

आरोप है कि प्लांट में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड ने नाबालिग बच्चे को बेरहमी से उठाकर जमीन पर पटक-पटक कर मारा। वायरल वीडियो में युवक को बार-बार उठाकर पटकते हुए देखा जा सकता है, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।

 सोशल मीडिया में वायरल वीडियो👆

घटना के बाद परिजन सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। घायल नाबालिग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़ित नाबालिग के बड़े भाई का आरोप है कि उसके भाई को “आम तोड़ने” की वजह से सिक्योरिटी गार्ड द्वारा तालिबानी अंदाज में सजा दी गई। आरोप है कि गार्ड ने बच्चे को बार-बार उठाकर जमीन पर पटकते हुए बुरी तरह पीटा।

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्या इस पूरे मामले के लिए कंपनी जिम्मेदार है, या फिर यह सिक्योरिटी गार्ड की व्यक्तिगत क्रूरता का मामला है? फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बालोद में दर्दनाक हादसा: महिलाओं से भरी पिकअप पलटी, 2 की मौत, 18 घायल

बालोद | बिग ब्रेकिंग
जिले के मनचुवा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। छट्ठी (नामकरण) कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही महिलाओं से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 2 महिलाओं की मौके और अस्पताल में मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और 2 मासूम बच्चों समेत 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए

यह हादसा भंवरमरा गांव के पास हुआ, जहां वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही मानबाई (65 वर्ष) ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी महिला नंदनी बाई (40 वर्ष) ने अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, सभी लोग गोटाटोला थाना क्षेत्र के पददेटोला गांव से पिकअप में सवार होकर खड़बत्तर गांव में आयोजित छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वापस अपने गांव लौटते समय यह हादसा हो गया।

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर राजनांदगांव रेफर किया गया है।

मनचुवा पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

रंजिश का खूनी अंजाम: युवक पर चाकू से हमला, हायर सेंटर रेफर

बालोद जिले में चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते 26 वर्षीय युवक हितेश्वर यादव पर 4 से 5 लोगों ने प्राणघातक हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे आरोपियों ने युवक को अकेले में बुलाया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के गले और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बालोद में भर्ती कराया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

यह पूरा मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया बी का बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बालोद में मधुमक्खियों का हमला: महुआ बीनने गए बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर

बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोटूलमुड़ा गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मधुमक्खियों के झुंड ने एक दंपति पर हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय चम्पूलाल गोयल की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुमित्रा गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चम्पूलाल गोयल अपनी पत्नी के साथ जंगल में महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले से दोनों बुरी तरह घायल हो गए। किसी तरह सुमित्रा ने अपनी जान बचाई, लेकिन चम्पूलाल को नहीं बचाया जा सका।

घायल सुमित्रा को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जिंदगी और सिस्टम के बीच 17 KM की दूरी

राहुल ठाकुर गरियाबंद

गरियाबंद जिले में स्वास्थ्य विभाग की बदहाली का आलम इस तस्वीर से साफ झलकता है।


तस्वीरें बेहद चिंताजनक हैं। गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के दूरस्थ अंचल में बसे भालुडिग्गी गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं नाम मात्र की भी नहीं हैं।

यही वजह है कि ग्रामीणों को 17 किलोमीटर की कठिन और दुर्गम पहाड़ी, कंटीले जंगलों को पार कर बीमार मन्नू नेताम को खाट-कांवड़ नुमा बिस्तर में लादकर पैदल ले जाना पड़ा। ग्रामीण किसी तरह 17 किलोमीटर का सफर तय कर कुल्हाड़ीघाट पहुंचे।

समय रहते सरकारी एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण मरीज को निजी वाहन से मैनपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे गरियाबंद जिला अस्पताल रेफर कर भर्ती किया गया।

एक तरफ केंद्र और राज्य सरकारें मुफ्त चिकित्सा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करती हैं, वहीं दूसरी ओर यह तस्वीर उन दावों की हकीकत बयां करती है। यह साफ दर्शाता है कि सरकारी दावे केवल कागजों और वाहवाही तक ही सीमित रह जाते हैं।

बहरहाल, क्षेत्र के विधायक जनक राम ध्रुव ने भी सिस्टम पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि इलाके में सड़क, शिक्षा, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई बार आमजन और जनप्रतिनिधियों द्वारा मांग और प्रदर्शन किए गए, लेकिन अब तक इन मांगों पर न तो अमल हुआ और न ही ग्रामीणों की सुध ली गई।

नतीजा सबके सामने है। अब इसे सिस्टम की नाकामी कहें या जिम्मेदारों का गैर-जिम्मेदाराना रवैया।

वहीं इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी यू.एस. नवरत्न का कहना है कि भालुडिग्गी एक दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र है, जहां न सड़क है और न ही मोबाइल कनेक्टिविटी। यही कारण है कि वहां एम्बुलेंस या 108 वाहन का पहुंचना संभव नहीं है। उन्होंने जल्द ही पहाड़ी के नीचे बसे गांव कुल्हाड़ीघाट में स्थायी रूप से 108 एम्बुलेंस तैनात करने की बात कही है।

फिलहाल, बीमार मन्नू राम नेताम का इलाज गरियाबंद जिला अस्पताल में जारी है।

BALOD BREAKING: युवती की बेरहमी से हत्या? पराली के साथ जला मिला शव

बालोद | अर्जुंदा थाना क्षेत्र

बालोद जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चीचा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पराली के ढेर में एक युवती का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान 21 वर्षीय लिलेश्वरी साहू के रूप में हुई है, जो उसी गांव की निवासी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने जब पराली के पास जला हुआ शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अर्जुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्राथमिक जांच में युवती की हत्या कर शव को जलाने की आशंका जताई जा रही है। शव बुरी तरह से जला हुआ है, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ साइबर क्राइम टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। पुलिस हर एंगल से जांच की जा रही है।

रायपुर में दर्दनाक हादसा: सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान 3 मजदूरों की मौत

राजधानी रायपुर में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। तीनों रायपुर के सिमरन सिटी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में स्थित सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए तीनों मजदूरों को अंदर उतारा गया था। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस की वजह से एक-एक कर तीनों की हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर दम घुटने को मौत का कारण माना जा रहा है।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सेप्टिक टैंक में उतारा गया। साथ ही, प्रशिक्षित कर्मचारियों की बजाय सामान्य मजदूरों से यह जोखिम भरा काम कराया गया।

जानकारों के मुताबिक, सेप्टिक टैंक की सफाई अत्यंत खतरनाक कार्य होता है, जिसे निर्धारित सुरक्षा मानकों और उपकरणों के साथ ही किया जाना चाहिए। इसमें गैस डिटेक्टर, ऑक्सीजन मास्क और अन्य सुरक्षा किट का उपयोग अनिवार्य होता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

NH-30 पर हादसा: मरकाटोला घाट में ट्रक, इनोवा और आयरन ओर गाड़ी की टक्कर

बालोद जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर स्थित मरकाटोला घाट के पास एक के बाद एक तीन गाड़ियां दुर्घटना का शिकार हो गईं। हादसे में दो लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले चावल से भरी एक ट्रक घाट में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसी दौरान मार्ग से गुजर रही एक इनोवा वाहन ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को देखकर अचानक अपनी रफ्तार धीमी कर दी।

इसी बीच पीछे से आ रही कच्चे लोहे (आयरन ओर) से भरी गाड़ी ने इनोवा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इनोवा वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु करने में जुट गई। यह पूरा मामला पुरुर थाना क्षेत्र के मरकटोला घाट का है।

पुलिस ने इनोवा चालक की शिकायत के आधार पर आयरन ओर से भरी गाड़ी के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

जहाँ कभी खामोशी में गूंजती थी गोलियों की आवाज… अब वहीं गूंजेगा भक्ति का शंखनाद

“डर से विश्वास तक की यात्रा”।

धर्मेन्द्र सिंग बीजापुर…

छत्तीसगढ़/बीजापुर के घने जंगल जो कभी नक्सल गतिविधियों के कारण देशभर में चर्चा में रहते थे अब एक नई पहचान गढ़ने जा रहे हैं।
यहां लगने वाला “सकल नारायण मेला” अब सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बदलाव, विश्वास और शांति की मिसाल बनता जा रहा है।

नक्सल साये से आस्था के उजाले तक

एक समय था जब इन जंगलों में कदम रखना भी खतरे से खाली नहीं था। नक्सल प्रभाव के चलते यह इलाका लंबे समय तक भय और असुरक्षा का केंद्र बना रहा।
लेकिन अब हालात बदल रहे हैं, सुरक्षा बलों की सक्रियता और प्रशासन की रणनीति के चलते नक्सल असर कम हुआ है।

और इसी बदलाव के बीच अब यहां हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ने वाला है।

🕉️ क्या है सकल नारायण मेला?

यह मेला भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की पूजा को समर्पित है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पहाड़ी पर स्थित गुफा में विशेष शक्ति है, जहां भीषण गर्मी में भी गुफा के भीतर ठंडक बनी रहती है, गुफा की मिट्टी को चमत्कारी माना जाता है, दूर-दराज से श्रद्धालु मनोकामना लेकर यहां पहुंचते हैं, यही रहस्य और आस्था का संगम इस मेले को खास बनाता है।

रहस्यमयी गुफा: आस्था का केंद्र

मेले का सबसे बड़ा आकर्षण है पहाड़ी पर बनी वह प्राचीन गुफा, जहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन चढ़ाई करनी पड़ती है, लेकिन विश्वास उन्हें हर मुश्किल पार करा देता है। लोगों का मानना है कि यहां दर्शन करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मेले को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है,और सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती कर पहाड़ी रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, हर स्तर पर कोशिश है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम अनुभव मिले।

तीन राज्यों से उमड़ेगा जनसैलाब

इस बार मेले में सिर्फ स्थानीय ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र और तेलंगाना से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। नक्सल प्रभाव कम होने के कारण इस बार भीड़ पहले से ज्यादा होने के आसार हैं।

बदलाव की नई कहानी

सकल नारायण मेला अब सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि यह उस बदलाव की कहानी है, जहां डर की जगह विश्वास ने ले रही है।

👉 जहां कभी नक्सलियों का साया था…
👉 वहीं अब आस्था, शांति और एकता का सबसे बड़ा मेला सजने जा रहा है।

बीजापुर के जंगल अब एक नई पहचान बना रहे हैं ।

CRIME BALOD: खेत की मेड़ बना खूनी विवाद, चचेरे भाई ने किया जानलेवा हमला

CHHATTISGARH/ बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां खेत जाने के दौरान एक बुजुर्ग दम्पति पर प्राणघातक हमला कर दिया गया। इस हमले में 65 वर्षीय पुरुषोत्तम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

 

जानकारी के मुताबिक, गुरूर थाना क्षेत्र के बगदई गांव में उस समय विवाद हिंसक हो गया, जब बुजुर्ग दम्पति अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके ही चचेरे भाई हुलस्तनंदन साहू (45) ने रास्ता रोकते हुए सवाल किया—“मेरे खेत की मेड़ पर क्यों चल रहे हो?” देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और आरोपी ने गुस्से में आकर बुजुर्ग पर प्राणघातक हमला कर दिया।

 

घटना में घायल पुरुषोत्तम साहू को तत्काल गुरूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धमतरी रेफर कर दिया गया।

 

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हुलस्तनंदन साहू को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।