बालोद क्राइम: जेल से छूटते ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्याकर की आत्महत्या, पढ़ें पूरी खबर

बालोद में सनसनी: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या के बाद आरोपी ने लगाई फांसी

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद रहा एक विचाराधीन कैदी जमानत पर रिहा होने के बाद सीधे आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा, जहां उसने 54 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उगेश्वरी देवांगन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने उसी केंद्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बच्चों को बाहर निकालकर दिया वारदात को अंजाम

घटना देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव की है। जानकारी के अनुसार, फरदफोड़ निवासी 57 वर्षीय लखन देवांगन दोपहर के समय आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। उस वक्त केंद्र में छोटे बच्चे भोजन कर रहे थे। आरोपी ने पहले बच्चों को बाहर जाने के लिए कहा और सहायिका को भी केंद्र से बाहर कर दिया। इसके बाद उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने उगेश्वरी देवांगन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद खुदकुशी

हत्या के बाद लखन देवांगन ने आंगनबाड़ी केंद्र के भीतर ही फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पहले से दर्ज था दुष्कर्म का मामला

देवरी थाना प्रभारी राकेश ठाकुर के मुताबिक, 13 जनवरी को पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। हाल ही में जमानत पर रिहा होने के बाद उसने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।

गांव में दहशत का माहौल

दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस हत्या के पीछे की मंशा और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

Nbcindia24

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *