बालोद जिले के संजारी चौकी अंतर्गत गंजईडीह गांव के जंगल में एक सड़ी-गली लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लाश की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जंगल की ओर जाते समय दुर्गंध महसूस की। पास जाकर देखने पर एक सड़ी-गली लाश दिखाई दी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और आगे की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को सौंप दिया गया है।
लाश की स्थिति काफी खराब होने के कारण मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। प्राथमिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

