Breaking
शनि. मई 16th, 2026

छत्तीसगढ़/ राहुल ठाकुर गरियाबंद जिले के दुधकैयां गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद हालात देर रात तक बेहद तनावपूर्ण बने रहे। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

तनाव की गंभीरता को देखते हुए आईजी स्वयं गांव पहुंचे, जिसके बाद प्रशासनिक सख्ती और समझाइश के जरिए हालात को नियंत्रण में लिया गया। आईजी के मौके पर पहुंचने के बाद देर रात गांव में स्थिति शांत होती नजर आई।

हालांकि, अब भी गांव पूरी तरह छावनी में तब्दील है। गांव में कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं। एहतियात के तौर पर बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की लगातार गश्त जारी है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार पूरा गांव फिलहाल पुलिस के नियंत्रण में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर मौजूद है।

इस पूरे मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े तीनों आरोपियों को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।

पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि गांव में पूरी तरह शांति बहाल होने तक पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है।

Nbcindia24

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *