धर्मेन्द्र सिंह सुकमा| छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिला में सुरक्षाबलों का एंटी-नक्सल अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जवानों ने नक्सलियों के प्रभाव क्षेत्र में निर्मित एक स्मारक को ध्वस्त कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई को नक्सलियों के मनोबल पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।
चिंतागुफा क्षेत्र में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई थाना चिंतागुफा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कडतीपारा में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा निर्मित एक स्मारक मिला, जिसे वे अपने प्रचार-प्रसार और संगठन की मौजूदगी दिखाने के लिए आधार स्तंभ के रूप में उपयोग कर रहे थे।
CRPF की 2nd बटालियन का प्रहार
ऑपरेशन को Central Reserve Police Force (CRPF) की 2nd बटालियन के जवानों ने अंजाम दिया। कमांडेंट कमलेश कुमार के निर्देशन में टीम ने रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए स्मारक को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों द्वारा बनाए गए ऐसे स्मारक ग्रामीणों में दहशत फैलाने और अपने प्रभाव का प्रदर्शन करने का माध्यम होते हैं। इन्हें जमींदोज करना शासन-प्रशासन की पकड़ मजबूत करने और क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में अहम कदम है।
क्षेत्र में सर्चिंग जारी
स्मारक ध्वस्त किए जाने के बाद आसपास के इलाकों में सर्चिंग और गश्त तेज कर दी गई है। सुरक्षाबलों की सक्रियता से नक्सली बैकफुट पर बताए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य अंदरूनी इलाकों से नक्सली प्रभाव को समाप्त कर विकास कार्यों को गति देना है।

