बालोद | बिग ब्रेकिंग
जिले के मनचुवा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। छट्ठी (नामकरण) कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही महिलाओं से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 2 महिलाओं की मौके और अस्पताल में मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और 2 मासूम बच्चों समेत 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा भंवरमरा गांव के पास हुआ, जहां वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही मानबाई (65 वर्ष) ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी महिला नंदनी बाई (40 वर्ष) ने अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग गोटाटोला थाना क्षेत्र के पददेटोला गांव से पिकअप में सवार होकर खड़बत्तर गांव में आयोजित छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वापस अपने गांव लौटते समय यह हादसा हो गया।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर राजनांदगांव रेफर किया गया है।
मनचुवा पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

