Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

छत्तीसगढ़/बालोद- पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के अंतर्गत हितग्राहियों और किसानों को राशि का अंतरण किया।

 

राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत बालोद जिले के 01 लाख, 35 हजार, 896 किसानों के बैंक खाता में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 की प्रथम किस्त की राशि 87 करोड़, 27 लाख, 07 हजार 612 रूपए अंतरित की गई। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत बालोद जिले के 12 हजार 859 हितग्राहियों को राशि 02 करोड़ 57 लाख, 18 हजार रूपए अंतरित की गई।

गोधन न्याय योजना के अंतर्गत जिले के 1601 गोबर विक्रेताओं को 01 मई से 15 मई 2022 तक गोबर खरीदी की राशि 13 लाख 87 हजार रूपए अंतरित की गई।

 

जिला मुख्यालय बालोद में कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आमापारा बालोद के आॅडिटोरियम में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया थी। मंत्री भेंडिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जनहितैषी निर्णय से किसानों, मजदूरों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने किसानों को धान के बदले अन्य फसल लेने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने प्रेरित किया। गुण्डरदेही विधायक व संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद और संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

 

कार्यक्रम में 14 हितग्राहियों को सुगंधित धान बीज और वर्मी कम्पोस्ट तथा धान के बदले उद्यानिकी फसल लेने वाले 03 हितग्राहियों को मिनीकीट वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकगण, कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक गोवर्धन राम ठाकुर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ.रेणुका श्रीवास्तव, अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में जिले के किसान मौजूद थे।

Nbcindia24

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *