Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र पर लगातार आरोप लगाए जाने और पारिवारिक कलह से आहत एक 25 वर्षीय युवती ने अपने ही पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हरदीबाजार थाना क्षेत्र से करीब 5 किलोमीटर दूर रलिया गांव के एक मोहल्ले में रहने वाले अशोक केंवट की हत्या उसकी बेटी गीता केंवट ने कर दी। गीता अपनी मां और दो बहनों के साथ लंबे समय से कोरबा की पुरानी बस्ती में रह रही थी। बताया जा रहा है कि परिवार मृतक के कथित व्यवहार और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना से परेशान था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल पटले ने बताया कि घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात की है। आरोपी युवती ने गहरी नींद में सो रहे अपने पिता पर धारदार हंसिया से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की गई। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है। पुलिस ने आरोपी युवती को तत्काल हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती अपने पिता द्वारा चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों और कथित प्रताड़ना से बेहद आहत थी। मृतक अशोक केंवट पर आरोप है कि वह अपनी बेटियों पर अनैतिक गतिविधियों में लिप्त होने का लांछन लगाता था। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि सोमवार को गीता केंवट जाति प्रमाण पत्र के लिए दस्तावेज लेने रलिया गांव पहुंची थी और अपने ताऊ के घर पर रुकी थी। आधी रात के बाद वह पिता के घर पहुंची और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस ताऊ के घर लौटकर सो गई।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Nbcindia24

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *