Breaking
Sun. Apr 19th, 2026

दंतेवाड़ा @ दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के थाना बारसूर क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा लगाई गई प्रेशर आईईडी बरामद की है। मौके पर बम निरोधक दस्ते ने इसे सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया। कार्रवाई के दौरान पाँच पुरुष संदेही एवं एक महिला संदेही सहित कुल छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगनार रोड के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति आईईडी लगाने की फिराक में हैं। इस सूचना पर उप पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुंभकार के नेतृत्व में निरीक्षक संजय ऊरसा एवं थाना बारसूर, डी.आर.जी. व सी.आर.पी.एफ. का संयुक्त बल मौके पर रवाना हुए।मौके पर मौजूद छह संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस पार्टी को देखकर छिपने का प्रयास किया, जिन्हें घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने नक्सली गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपीगण

1. अनिल उर्फ कचनू सलाम, निवासी नेण्डु वाया, थाना मर्दापाल (कोंडागांव) — कई नक्सली घटनाओं में शामिल, जिनमें डूडमा नाला आईईडी ब्लास्ट, गुफापारा व तोड़मा हत्याकांड, टावर जलाना एवं 2019 की पुलिस-नक्सली मुठभेड़ शामिल हैं।

2. जमुना उर्फ जयमती मंडावी, निवासी पदनार, थाना बारसूर (बीजापुर)

3. सन्नु राम कश्यप, निवासी कहचेनार पटेलपारा, थाना मालेवाही (बस्तर)

4. मनीष कश्यप, निवासी कहचनार नयापारा, थाना मालेवाही (बस्तर)

5. हरि राम कश्यप, निवासी कहचनार कालेपारा, थाना मालेवाही (बस्तर)

6. सुलाराम कश्यप, निवासी कहचनार पटेलपारा, थाना मालेवाही

बरामद सामग्री

5 किलोग्राम का जिंदा प्रेशर आईईडी,फावड़ा, सबल व अन्य नक्सली सामग्री

गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पुलिस पार्टी को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से मंगनार रोड पर आईईडी लगाया था। बरामद विस्फोटक को सुरक्षा मानकों के तहत निष्क्रिय किया गया।

कानूनी कार्रवाई

सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना बारसूर में अपराध क्रमांक 13/2025 धारा 61(2)(क), 190, 191(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4, 5 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

जिला पुलिस दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा द्वारा नक्सल उन्मूलन के लिए सतत अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनी रहे।

 

Nbcindia24

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *