Breaking
Fri. Apr 17th, 2026
गुरूर विकासखण्ड के ग्राम बड़भूम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण कर अनेक विकास कार्यों की दी सौगात
बालोद, 14 अगस्त 2024 प्रदेश के वन एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मनुष्य के विकास के लिए व्यक्ति का शिक्षित होना आवश्यक है। इसके साथ ही जीवन में आगे बढ़ने तथा शिखर को स्पर्श करने के लिए शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी अत्यंत आवश्यक है। संस्कारों से सपंन्न व्यक्ति जीवन में आने वाले अनेक उतार-चढ़ाव, सुख-दुःख, कष्टों एवं विपत्ति को सहन करते हुए जीवन में उपलब्धि हासिल करता है। मंत्री कश्यप आज बालोद जिले के गुरूर विकासखण्ड के सुदूर वनांचल के ग्राम बड़भूम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष के लोकार्पण समारोह के अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़भूम के अतिरिक्त कक्ष का विधिवत् लोकार्पण कर शाला परिसर में पौध रोपण किया। समारोह में मंत्री कश्यप ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग पर बड़भूम एवं आसपास के अंचल के लिए अनेक सौगात दी। इसके अंतर्गत उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़भूम में सुगम यातायात हेतु सीसी रोड तथा विद्यालय परिसर मंे सायकल स्टैण्ड का निर्माण करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने स्कूली शिक्षा मंत्री से चर्चा कर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़भूम में कृषि संकाय प्रारंभ कराने का आश्वासन दे ग्राम दमकसा से पेटेचुवा मार्ग का निर्माण, ग्राम बडे़भेजा में सिंचाई हेतु जलाशय निर्माण के अलावा ग्राम बड़भूम में शीतला मंदिर निर्माण करने के साथ-साथ ग्राम बड़भूम स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास तथा पूर्व माध्यमिक शाला में पेयजल की समुचित उलब्धता सुनिश्चित कराने की भी घोषणा की।
मंत्री कश्यप ने पूर्व में आदिवासी उपयोजना में शामिल गुरूर विकासखण्ड के 12 गांव को पुनः आदिवासी उपयोजना में शामिल करने हेतु विभागीय मंत्री से चर्चा कर समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दे धमतरी जिले के गंगरेल बाँध से तांदुला लिंक नहर योजना के निर्माण हेतु भी शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रीतम साहू, नगर पालिका बालोद के पूर्व अध्यक्ष राकेश यादव, जिला पंचायत सदस्य मीना सत्येंद्र साहू एवं ललिता पेमिन साहू, जनपद सदस्य संध्या साहू,  कौशल साहू, ग्राम पंचायत बड़भूम के सरपंच बल्लाराम कुंजाम एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक, एसडीएम प्राची ठाकुर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि आज बड़भूम आगमन के दौरान ग्राम बड़भूम वासियों से मिले प्यार, स्नेह एवं मान-सम्मान तथा उनके द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन से वे बहुत ही अभिभूत हैं। ग्राम बड़भूम में पहुँचने के बाद अपने परिवार के बीच पहुँचने जैसा लगता है। कश्यप ने कहा कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़भूम में अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण होने से हमारे विद्यार्थियों को बहुत बड़ा सौगात मिला हैै। इस अतिरिक्त कक्ष के निर्माण हो जाने से विद्यार्थियों को कक्षा में बैठकर पढ़ाई करने में किसी प्रकार की असुविधा नही होगी।
कश्यप ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों एवं आम जनता से ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर अनिवार्य रूप से ध्वजा रोहण करने की भी अपील की। इसके अलावा उन्होेंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर ’एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत अपने-अपने घरों में अनिवार्य रूप से पौध रोपण कर अपनी माता की भाँति उसका समुचित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।

Nbcindia24

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *