विधायक संतराम की अगुवाई में हजारों कांग्रेसियों ने निकाली भरोसे की यात्रा

विधायक संतराम की अगुवाई में हजारों कांग्रेसियों ने निकाली भरोसे की यात्रा,धनोरा में नुक्क्ड़ सभा, भाजपा पर जमकर बरसे विधायक संतराम

 

कोंडागांव/ केशकाल/विजय साहू/  छत्तीसगढ़ में चुनावी महीना नजदीक आता जा रहा है। चुनाव से एक महीने पहले ही केशकाल विधायक संतराम नेताम लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को गांधी जयंती के अवसर पर केशकाल विधानसभा अंतर्गत सूदूरवर्ती ग्राम इरागांव में विधायक संतराम ने भरोसे की यात्रा निकाली। लगभग 1200 मोटरसाइकिल के साथ निकली यह भरोसे की यात्रा धनोरा पहुंची। जहां नुक्कड़ सभा को संबोधित करने के पश्चात इस यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान इरागांव व धनोरा में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने कांग्रेस में प्रवेश भी किया है।

 

 

इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए विधायक संतराम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने 15 वर्षों तक भाजपा को सत्ता के बैठने का मौका दिया। लेकिन 15 वर्षों में भाजपा की सरकार ने केवल झूठ बोलकर जनता को ठगने का काम किया। लेकिन 2018 में जब हमारी सरकार सत्ता में आई है, हमने कर्जमाफी, धान समर्थन मूल्य वृद्धि, बिजली बिल हाफ, पुल, पुलिया, सड़क, धान खरीदी केंद्र, स्कूल, कालेज, आईटीआई का निर्माण करवाया है।

 

विधायक ने कहा कि कांग्रेस शासन के इस पांच वर्ष में हमने धनोरा जैसे क्षेत्र में नवीन शासकीय महाविद्यालय, आईटीआई, 100 बिस्तर का अस्पताल, स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम स्कूल, जिला सहकारी बैंक का निर्माण करवाया। इसके अलावा इरागांव, बड़ेखौली, चुरेगांव, बारदा, बोकराबेड़ा, पावड़ा नदी में नवीन पुलिया के निर्माण करवाया जा रहा है। जिससे गांव गांव को शहरों से जोड़ने में आसानी होगी।

 

विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इतनी बड़ी पार्टी है, लेकिन केशकाल विधानसभा के लिए उनके पास कोई प्रत्याशी नहीं है। सुनने में आया है कि अंतागढ़ के व्यक्ति को भाजपा केशकाल विधानसभा से उतारने वाली है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। पांच साल तक जिन कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर काम किया उन्हें नजरअंदाज कर बाहरी व्यक्ति को महत्व दिया जा रहा है। मेरी संवेदनाएं भाजपाइयों के साथ हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

Nbcindia24

You may have missed